दिल्ली: सदर बाजार में मकान गिरने से कई लोग दबे, पांच को निकाला, तीन की हालत गंभीर

  मनोज टंडन नई दिल्ली 9 फरवरी।पुरानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां एक मकान जमींदोज हो गया। मकान के मलबे में कई लोग दब गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और राहत व बचाव का काम शुरू कर दिया है। दमकलकर्मी अब तक मलबे से पांच लोगों को बाहर निकाल चुके हैं। इनमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं दमकलकर्मी अब भी राहत व बचाव कार्य में जुटे हैं। जानकारी के मुताबिक, अग्निशमन विभाग को सुबह साढ़े दस बजे एक मकान के गिरने की खबर मिली थी। यह घटना कुरैशी नगर, गली चरखी वाली, सदर बाजार में हुई। कुल 6 फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए हैं। बचाव अभियान जोरों से चल रहा है।